ठाणे, (ईएमएस)। ठाणे से सटे मुंब्रा इलाके में स्थित कादर पैलेस परिसर में पुराने विवाद के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस घटना के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, अली नामक युवक पर अज्ञात हमलावरों ने अचानक हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावर पहले से ही योजना बनाकर मौके पर पहुंचे थे। मौका पाकर उन्होंने धारदार हथियारों से अली पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसका फुटेज फिलहाल जांच के लिए उपयोग में लाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में यह मामला पुराने आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है। इस बीच, आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। घटना के बाद कादर पैलेस और आसपास के क्षेत्रों में डर का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। संजय/संतोष झा-१३ अप्रैल/२०२६/ईएमएस