- शासन ने श्रद्धालुओं के लिए आवास, भोजन, पेयजल की विशेष व्यवस्था की इन्दौर (ईएमएस) संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहब भीमराव अम्बेड़कर की जयंती आज 14 अप्रैल को पूर्ण आस्था, श्रद्धा एवं अपार उत्साह के साथ मनाई जाएगी। डॉ. अम्बेड़कर नगर महू स्थित उनकी जन्मस्थली पर बने भव्य स्मारक में विशाल समागम होगा। आयोजन के लिये अनुयायियों के आगमन का सिलसिला प्रारंभ हो गया है। अनुयायियों की राज्य शासन द्वारा मेहमानों की तरह आवभगत की जा रही है। उनके लिए आवास, भोजन और पेयजल के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। आज 14 अप्रैल को आयोजित कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जिला प्रशासन द्वारा भोजन की उत्तम व्यवस्था की गई है। भोजन में पुरी, मीठी बूंदी, केरी लौंजी, राम भाजी और मूंग दाल चावल की नमकीन खिचड़ी, तली मिर्च की व्यवस्था की गई है। कलेक्टर शिवम वर्मा द्वारा अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्याप्त काउंटर लगाकर भोजन की उत्तम व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। जिला आपूर्ति नियंत्रक एम.एल. मारू द्वारा भोजन शाला का निरीक्षण करके भोजन शाला में सामग्री भंडार गृह में चार अतिरिक्त कूलर लगाकर व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। साथ ही 20 काउंटर लगाने के और आसानी से टोकन प्राप्त कर सके और शील्ड पेटी में टोकन डाल सके इसकी व्यवस्था के ड्यूटी अधिकारियों को आज निर्देश दिए गए। भोजन परिसर में श्रद्धालु कहीं से भी काउंटर से टोकन प्राप्त कर भोजन के निर्धारित काउंटर पर जाकर भोजन प्राप्त कर भरपेट भोजन कर सकते हैं। भोजन की चाक चौबंद व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके इसके लिए जिला स्तर से ही तीन दल बना 8-8 घंटे के अनुसार 24 घंटे की ड्यूटी लगाई गई है। आनंद पुरोहित/ 13 अप्रैल 2026