क्षेत्रीय
13-Apr-2026
...


- जनभागीदारी से ही सशक्त हो सकेगा सफाई अभियान कटनी (ईएमएस)। शहर में संचालित विशेष सफाई अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम कटनी द्वारा व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाकर नगर को साफ स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त रखने हेतु जन जागरूकता के प्रयास किए जा रहे है। निगम प्रशासन के मार्गदर्शन में यह अभियान निरंतर गति पकड़ रहा है। स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी आदेश जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्ड क्रमांक 16 रफी अहमद किदवई वार्ड में तिलक कॉलेज के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता से दुकानदारों के बीच “प्लास्टिक दानव” के माध्यम से सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही कपड़े एवं कागज के थैलों के उपयोग को बढ़ावा देने हेतु प्रेरित किया गया। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 37 स्वामी विवेकानंद वार्ड स्थित खेर माता मंदिर परिसर में महापौर प्रीति संजीव सूरी के नेतृत्व में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के उपरांत सफाई मित्रों का सम्मान कर उनके योगदान को सराहा गया। इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं आईईसी टीम के सदस्य उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त वार्ड क्रमांक 12 स्थित अक्षर नंदन स्कूल में “ईको ब्रिक्स” विषय पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ईको ब्रिक्स के महत्व, निर्माण प्रक्रिया एवं पर्यावरण संरक्षण में इसकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों को प्लास्टिक कचरे के उचित प्रबंधन एवं पुनः उपयोग के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। इस प्रकार विभिन्न वार्डों में चल रही गतिविधियां यह दर्शाती हैं कि नगर निगम द्वारा स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन का रूप देने के लिए सतत एवं प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। ईएमएस / 13 अप्रैल 26