क्षेत्रीय
13-Apr-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। जिले के एक गांव में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब दुल्हन बनने वाली युवती ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सुखरापारा के कठरापारा में रहने वाली 22 वर्षीय मोनिका सिदार का प्रेम संबंध पंकज सिदार (25) से था। दोनों की शादी 15 अप्रैल को तय हुई थी और घर में जोर-शोर से तैयारियां चल रही थीं। मड़वा खंभा गाड़ने की रस्म की तैयारी भी की जा रही थी। बताया जा रहा है कि युवती के मायके पक्ष के कुछ लोगों के शादी में शामिल नहीं होने की बात सामने आई, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गई थी। अगली सुबह जब वह देर तक कमरे से बाहर नहीं आई, तो परिजनों को शक हुआ। दरवाजा खोलकर देखने पर वह फंदे से लटकी मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आत्महत्या के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)13 अप्रैल 2026