क्षेत्रीय
13-Apr-2026
...


डोंबिवली, (ईएमएस)। मुंबई से सटे डोंबिवली पश्चिम के सत्यवान चौक इलाके में सड़क पर खड़ी कार को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां कार चालक और उसके दोस्त पर जानलेवा हमला कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सत्यवान चौक पर तीन युवक सड़क के बीच गाड़ी खड़ी कर आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अमित पाटील अपनी कार लेकर वहां पहुंचे और उन्होंने युवकों से गाड़ी साइड में करने को कहा, लेकिन उन्होंने बात को नजरअंदाज कर दिया। इसके बाद अमित पाटील ने दो-तीन बार हॉर्न बजाया, जिससे नाराज होकर तीनों युवक भड़क उठे। गुस्से में आकर आरोपियों ने अमित पाटील और उनके दोस्त यश म्हात्रे पर हमला कर दिया। उन्होंने सड़क पर पड़े पत्थर उठाकर दोनों पर बेरहमी से वार किए और कार में भी तोड़फोड़ की। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है। इस मामले में विष्णूनगर पुलिस ने प्रितेश उर्फ राम्या म्हात्रे, सचिन म्हात्रे और योगेश सुर्वे के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि प्रितेश और सचिन के खिलाफ पहले से भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और इलाके में उनकी दहशत बताई जाती है। गिरफ्तार आरोपियों को कल्याण कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। फिलहाल विष्णूनगर पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है। - संतोष झा-१३ अप्रैल/२०२६/ईएमएस