क्षेत्रीय
13-Apr-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। जिले में शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी ने वर्षों तक महिला के साथ संबंध बनाए और बाद में शादी से इंकार कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को सरगुजा जिले से गिरफ्तार कर लिया है। मामला महिला थाना क्षेत्र का है। 45 वर्षीय पीड़िता ने 8 अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई थी कि वह साल 2019 से पति से अलग होकर अपने बच्चों के साथ रह रही है। इसी दौरान झारखंड के ग्राम लामारी कला निवासी धर्मेन्द्र पासवान (28) का उसके घर आना-जाना शुरू हुआ। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उसे सहारा देने और शादी करने का भरोसा दिलाकर उसका विश्वास जीता। इसके बाद साल 2022 में आरोपी उसे रायगढ़ स्थित अपने किराए के मकान में ले गया, जहां पहली बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह लगातार शादी का झांसा देकर संबंध बनाता रहा। जनवरी 2026 में भी आरोपी ने महिला को अपने मकान में बुलाकर संबंध बनाए। जब पीड़िता ने शादी की बात की, तो आरोपी मुकर गया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी के सरगुजा जिले के लखनपुर क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में पुलिस संवेदनशीलता के साथ तेजी से कार्रवाई कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)13 अप्रैल 2026