उल्हासनगर, (ईएमएस)। उल्हासनगर शहर में सीबीआई में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये ठगने वाले एक शातिर आरोपी को आख़िरकार विट्ठलवाड़ी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू पट्टेकर के रूप में हुई है, जिस पर महिलाओं से घर का काम करवाने जैसे गंभीर आरोप भी लगे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी राजू पट्टेकर खुद को आईपीएस अधिकारी बताकर लोगों को सीबीआई में नौकरी दिलाने का लालच देता था। इसके बदले वह प्रत्येक व्यक्ति से डेढ़ लाख से लेकर चार लाख रुपये तक वसूलता था। इस मामले में महिलाओं की संख्या अधिक बताई जा रही है। आरोपी पैसे लेने के बाद न तो नौकरी दिलाता था और न ही रकम वापस करता था। जब पीड़ित महिलाएं अपने पैसे वापस लेने के लिए उसके घर पहुंचती थीं, तो वह उन्हें अपने बच्चों की देखभाल करने के लिए मजबूर करता था। साथ ही उनसे चाय और खाना भी बनवाता था, लेकिन इसके बावजूद वह पैसे लौटाने से इनकार करता था। इस धोखाधड़ी से परेशान होकर उल्हासनगर की कुछ महिलाओं ने एकजुट होकर आरोपी को बुलाया और उसकी पिटाई करने के बाद उसे विठ्ठलवाड़ी पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि शुरुआत में शिकायत दर्ज न होने के कारण पुलिस ने आरोपी को छोड़ दिया था। लेकिन बाद में यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अशोक कोली ने इस मामले को गंभीरता से लिया, जिसके बाद विठ्ठलवाड़ी पुलिस ने राजू पट्टेकर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने उसे चार दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने उसके पास से 6 वॉकी टॉकी, पिस्तौल तथा नकली दस्तावेज बरामद किया है। फ़िलहाल पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों को ठगा है। - संतोष झा-१३ अप्रैल/२०२६/ईएमएस