नई दिल्ली (ईएमएस)। पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी में रविवार देर रात एक नाबालिग पर अज्ञात बदमाशों ने चाकू से जानलेवा हमला किया। किशोर की गर्दन पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके में अज्ञात बदमाशों ने रविवार देर रात एक नाबालिग पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। थाना मयूर विहार क्षेत्र के ब्लॉक-31 में हुई इस वारदात में हमलावरों ने किशोर की गर्दन पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। इसी इलाके में 48 घंटे के भीतर चाकूबाजी की यह दूसरी घटना है, जिससे स्थानीय लोगों में डर और आक्रोश बढ़ गया है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। उधर, प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे आपसी रंजिश या अन्य कारणों की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/13/अप्रैल /2026