नई दिल्ली (ईएमएस)। सर गंगाराम अस्पताल ने अपना 71वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया, जिसमें उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने भारत के स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य पर जोर दिया और अस्पताल की उत्कृष्टता की सराहना की। सर गंगाराम अस्पताल ने अपना 71वां स्थापना दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर अस्पताल के संस्थापक सर गंगाराम जी को याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई, जिसमें ट्रस्टी, प्रबंधन और स्टाफ ने भाग लिया। बाद में दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और सभा को संबोधित किया। उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा और शोध में उत्कृष्टता की सराहना की। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, यह संस्थान वर्षों से उन्नत चिकित्सा तकनीकों और मरीज-केंद्रित सेवाओं के लिए जाना जाता है और लाखों मरीजों को उपचार प्रदान कर चुका है। इस मौके पर चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने वर्ष 2025-26 की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि अस्पताल ने समाज के सभी वर्गों को बेहतर इलाज देने की प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में अस्पताल ने गरीब मरीजों के मुफ्त इलाज पर 82 करोड़ रुपये खर्च किए। साथ ही, अस्पताल को विभिन्न चिकित्सा क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कई पुरस्कार और सम्मान भी प्राप्त हुए हैं। प्रबंधन ने भविष्य में शोध और जैव-प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता भी जताई। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/13/अप्रैल /2026