राज्य
13-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। पांडव नगर थाना पुलिस ने घर में चोरी करने वाले एक चोर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी किए गए सभी सोने के जेवरात भी बरामद कर लिए हैं। मामला मयूर विहार फेज-2 इलाके का है, जहां एक घर से सोने के जेवर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, लेकिन शुरुआत में सीसीटीवी से कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय स्तर पर पूछताछ और खुफिया जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पता चला कि घटना के समय परिवार कुछ देर के लिए घर से बाहर गया हुआ था। पुलिस ने 22 वर्षीय सुहैब नाम के आरोपित को गिरफ्तार किया, जो उसी बिल्डिंग में कारपेंटर का काम करता था और नीचे स्टोर रूम में रहता था। पूछताछ में आरोपित ने चोरी की बात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर सोने की अंगूठियां, चेन, गोल्ड बिस्किट, झुमके और लॉकेट समेत सभी जेवरात बरामद कर लिए गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/13/अप्रैल /2026