अंतर्राष्ट्रीय
13-Apr-2026


-ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कॉर्प्स ने सीधे तौर पर दी चेतावनी तेहरान,(ईएमएस)। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कॉर्प्स की नौसेना ने सीधे तौर पर चेतावनी दी है। एक्स पर पोस्ट कर उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में दुश्मन की ओर से की गई कोई भी हरकत के घातक परिणाम होंगे। इसके साथ ही होर्मुज में वास्तविक स्थिति का ड्रोन निगरानी फुटेज भी साझा किया। आईआरजीसी की नौसेना ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में सभी हलचलें और ठहराव ईरानी सशस्त्र बलों के पूर्ण नियंत्रण में हैं और यह भी कहा कि कोई भी गलत दांव दुश्मन को जलडमरूमध्य में घातक भंवरों में फंसा देगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका के सेंट्रल कमांड ने शनिवार को कहा था कि दो अमेरिकी युद्धपोत होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरे और खाड़ी में बारूदी सुरंग हटाने का अभियान शुरू किया। ईरान के मुख्य सैन्य कमान, खातम अल-अनबिया सेंट्रल मुख्यालय ने इस बात को खारिज कर दिया, और अमेरिका के दावे को झूठा बताया जिसमें कहा था कि अमेरिकी जहाज जलडमरूमध्य में प्रवेश कर गए थे। रविवार को एक विशेष रिपोर्ट में ईरान के सरकारी प्रेस टीवी ने कहा कि शनिवार को होर्मुज जलडमरूमध्य से दो विध्वंसक जहाजों को गुजारने का अमेरिकी सेना का प्रयास एक असफल प्रचार स्टंट के रूप में खत्म हुआ, जिसका समय इस्लामाबाद में वार्ता के साथ मेल खाने के लिए तय किया गया था। प्रेस टीवी ने अमेरिकी विध्वंसक जहाजों की पहचान यूएसएस माइकल मर्फी और यूएसएस फ्रैंक ई पीटरसन के रूप में की और कहा कि उन्हें ईरानी नौसेना बलों ने पीछे हटने के लिए मजबूर किया था। इसके अलावा रविवार को आईआरजीसी ने एक और बयान में कहा कि कोई भी सैन्य जहाज जो किसी भी नाम या बहाने से होर्मुज जलडमरूमध्य के करीब आने का इरादा रखता है, उसे संघर्ष विराम का उल्लंघन माना जाएगा और उसके साथ सख्ती से निपटा जाएगा। बता दें ईरान और अमेरिका के बीच दो सप्ताह का संघर्ष विराम बुधवार को लागू हुआ था, जिसके बाद इस्लामाबाद में ईरानी और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडलों के बीच लंबी बातचीत हुई, जो बेनतीजा रही। सिराज/ईएमएस 13अप्रैल26