अंतर्राष्ट्रीय
13-Apr-2026


-अमेरिकी उपराष्ट्रपति के रवैये से खड़ा हुआ नया विवाद, कूटनीतिक हलकों में छिड़ी बहस इस्लामाबाद,(ईएमएस)। इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान के बीच वार्ता बेनतीजा रही। इस बैठक में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे पाकिस्तान के लिए यह कूटनीतिक झटका माना जा रहा है। इसी बीच अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के रवैये ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। वार्ता विफल होने के बाद जेडी वेंस रविवार सुबह एयरफोर्स टू से पाकिस्तान से रवाना हो गए। विदाई के दौरान पाकिस्तान के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे, जिनमें आर्मी चीफ असीम मुनीर, विदेश मंत्री इशाक डार और गृह मंत्री मोहसिन नकवी शामिल थे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सामने आए एक वीडियो में देखा गया कि जेडी वेंस ने असीम मुनीर और इशाक डार से तो हाथ मिलाया, लेकिन उनके पास खड़े मोहसिन नकवी से हाथ नहीं मिलाया। इस घटना ने कूटनीतिक हलकों में बहस को जन्म दे दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह महज संयोग भी हो सकता है, लेकिन इसे प्रोटोकॉल से जुड़े संकेत के रूप में देखा जा रहा है। कुछ विश्लेषकों ने इसे अमेरिका-पाकिस्तान संबंधों के मौजूदा समीकरण से जोड़कर देखा है। अफगान मामलों के जानकार बुरहानुद्दीन ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने न केवल मोहसिन नकवी से दूरी बनाई, बल्कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ से मिलने से भी परहेज किया। उनके मुताबिक इसके पीछे हालिया विवादित बयानों को कारण माना जा रहा है। ऐसे में जेडी वेंस के इस व्यवहार ने पाकिस्तान की कूटनीतिक स्थिति को लेकर नई बहस छेड़ दी है। हालांकि, इस पूरे मामले पर अमेरिका या पाकिस्तान की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन यह घटना अंतरराष्ट्रीय संबंधों में संकेतों और शिष्टाचार की अहमियत को एक बार फिर उजागर करती है। सिराज/ईएमएस 13अप्रैल26