चेन्नई,(ईएमएस)। तमिलनाडु में इस बार चुनावी मैदान में एक बेहद चर्चित नाम सामने आया है। एआईएडीएमके की उम्मीदवार लीमा रोज, जो तिरुचिरापल्ली जिले की लालगुड़ी सीट से चुनाव लड़ रही हैं, इस चुनाव की सबसे धनी प्रत्याशी बताई जा रही हैं। उनके चुनावी हलफनामे के अनुसार उनकी व्यक्तिगत संपत्ति 1,049 करोड़ रुपये है, जबकि पूरे परिवार की घोषित संपत्ति लगभग 5,863 करोड़ रुपये बताई गई है। लीमा रोज ‘लॉटरी किंग’ सैंटियागो मार्टिन की पत्नी हैं। उनके पास बैंक जमा, शेयर, सोना-चांदी और हीरे जैसे कीमती निवेश मौजूद हैं। साथ ही उनके पास मर्सिडीज बेंज, रेंज रोवर और बीएमडब्ल्यू जैसी लग्जरी गाड़ियां भी हैं। पिछले वित्तीय वर्ष में उनकी आय 9.82 करोड़ रुपये दर्ज की गई। 59 वर्षीय लीमा रोज की शिक्षा 6वीं कक्षा तक बताई गई है और वे मार्टिन फाउंडेशन की मैनेजिंग ट्रस्टी भी हैं। फिलहाल वे इस चुनाव की सबसे अमीर उम्मीदवार के रूप में चर्चा में हैं। नंदिनी परसाई /13 अप्रैल 2026