राज्य
13-Apr-2026


जयपुर (ईएमएस)। राजस्थान की राजनीति और सुरक्षा व्यवस्था में उस समय हड़कंप मच गया जब विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक ईमेल प्राप्त हुआ। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने इस गंभीर मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सोमवार सुबह करीब 11: 19 बजे विधानसभा को एक धमकी भरा मेल मिला है। अध्यक्ष देवनानी के अनुसार, ईमेल में दावा किया गया है कि विधानसभा परिसर में 15 साइनाइड गैस और आरडीएक्स बम रखे गए हैं, जो अगले तीन घंटों के भीतर धमाका करेंगे। ईमेल में साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली बातें भी लिखी गई हैं, जिसमें केवल मुस्लिम कर्मचारियों को बाहर निकालने की चेतावनी दी गई है। अजीबोगरीब दावे और दक्षिण भारत का कनेक्शनधमकी भरे मेल में कुछ ऐसे तर्क दिए गए हैं जो सुरक्षा एजेंसियों के लिए जांच का विषय हैं। ब्राह्मण फेक्टर यह है कि उसमें लिखा है कि किसी भी ब्राह्मण को डीएमके में शामिल नहीं होना चाहिए। इसमें किसी एस.वी. शेखर नामक व्यक्ति का जिक्र है और उसे डीएमके पार्टी में भेजने का आरोप लगाया गया है। अध्यक्ष ने साफ किया कि विधानसभा का इस तरह के किसी मामले से कोई लेना-देना नहीं है और यह मेल किसी शरारती तत्व या गहरी साजिश का हिस्सा हो सकता है। विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदेश के डीजीपी और पुलिस कमिश्नर को सूचित कर दिया है। डॉग स्क्वॉड और सुरक्षा टीमें पूरे विधानसभा परिसर की सघन जांच कर रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे पहले हाईकोर्ट और अन्य संस्थाओं को भी इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। यह जनता में असंतोष और भ्रम का माहौल पैदा करने की कोशिश है। हमने पुलिस को दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ने के निर्देश दिए हैं ताकि इस तरह के हड़कंप पर लगाम लगाई जा सके अशोक शर्मा/ 5 बजे/ 13 अप्रेल 2026