-टक्कर से पलट गई बस ऊपर से ट्रक उस पर गिरा, दब गए बाराती मची चीख-पुकार हापुड़,(ईएमएस)। यूपी के हापुड़ में रविवार देर रात बारातियों से भरी बस को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में 5 बारातियों समेत 6 लोगों की मौके पर मौत हो गई। 7 गंभीर रुप से घायल हो गए। बारात गाजियाबाद के डासना से बुलंदशहर के गुलावठी गई थी। बस में 13 बाराती सवार थे। बाकी दूसरी कारों से पीछे आ रहे थे। शादी के बाद वापस लौटते वक्त बस रोड किनारे खड़ी थी। रास्ता सकरा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस पलट गई फिर बेकाबू ट्रक भी उस पर पलट गया। घटना में दूल्हे के पिता की भी मौत हो गई है वहीं दूल्हे की बहन की 4 दिन बाद शादी तय है। जानकारी के मुताबिक भारी भरकम ट्रक के पलटने पर बस पिचक गई। बस की छत अलग हो गई। बाराती अंदर ही दब गए। चीख-पुकार मच गई। पीछे आ रहे बारातियों ने पुलिस को सूचना दी। बस के शीशे तोड़कर कुछ लोगों को बाहर निकाला। कुछ बाराती इस बुरी तरह फंस गए थे कि गाड़ी को गैस कटर से काटकर उनको रेस्क्यू किया गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसा हापुड़ जिला मुख्यालय से 22 किलोमीटर दूर धौलाना-गुलावठी रोड पर हुआ। एसपी ने बताया शादी समारोह से लौट रही यात्रियों से भरी एक बस को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसा तेज रफ्तार और अंधेरे की वजह से हुआ। ट्रक ड्राइवर की भी मौत हो गई। बस में सवार युवक ने बताया कि बस खड़ी हुई थी और वह ड्राइवर के बगल में कंडक्टर सीट पर बैठा था जैसे ही ट्रक ने टक्कर मारी, बस के सभी शीशे टूटकर चूर-चूर हो गए। वह बस से उछल कर बाहर आ गिरा। युवक बेहोश हो गया। होश आया तो देखा पूरा ट्रक, बस पर पलटा हुआ था। मेरे परिवार के लोग बीच में दबे हुए थे और चिल्ला रहे थे। तब तक पीछे से अन्य बाराती आ चुके थे। जानकारी के मुताबिक मरने वालों के रिश्तेदार ने बताया कि वह भी बारात के साथ था। बस के पीछे दूसरी कार से लौट रहा था। बस रास्ते में खड़ी थी। तभी तेज रफ्तार ट्रक आया और टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक बस पर पलट गया। डासना निवासी दूल्हे जाहिद ने बताया कि बारात बुलंदशहर के गुलावठी गई थी। लौटते समय हापुड़ में बारात की बस और ट्रक का एक्सीडेंट हो गया। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। 7 घायल हैं। मरने वालों में दूल्हे के पिता यूनुस (50) भी हैं। मरने वालों में युसूफ (55), अख्तर उर्फ बबलू (40), सोनू (25), मुन्ना (60) और बस के चालक हापुड़ के पिलखुवा थाना क्षेत्र के खेड़ा गांव निवासी अशोक (48) शामिल हैं। वहीं घायलों की पहचान नदीम (32), नईम (32), जुनैद (24), अय्यूब (45), हसरत (45), हबीब (45) और सिराजुद्दीन (55) के रूप में हुई है। घायलों का पिलखुवा स्थित रामा मेडिकल कॉलेज अस्पताल से इलाज चल रहा है। सभी घायल और मृतक गाजियाबाद के डासना के रहने वाले हैं। सिराज/ईएमएस 13अप्रैल26