नई दिल्ली (ईएमएस)। मिडिल ईस्ट मुद्दे पर दिल्ली से खबर आ रही हैं कि भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इजरायल के विदेश मंत्री से फोन पर चर्चा की है। जयशंकर ने बताया कि मंगलवार दोपहर में इजरायल के विदेश मंत्री से फोन पर बात हुई, जिसमें पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति को लेकर कई पहलुओं पर बात हुई। इजरायली विदेश मंत्री गिदोन साआर ने जयशंकर से लेबनान और ईरान के अलावा हार्मुज में चल रही टेंशन को लेकर विस्तार से चर्चा की। इतना ही नहीं उन्होंने इस्लामाबाद वार्ता में अमेरिका की शर्तों की भी हिमायत की और उन्हें जरूरी बताया। वहीं साआर की ओर से बताया गया, मेरे मित्र, भारतीय विदेश मंत्री जयशंकर के साथ हमेशा की तरह एक अच्छी बातचीत हुई। हम दोनों ने ईरान, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज और लेबनान पर चर्चा की। ‘मैंने कहा कि वार्ता में अमेरिका का सख्त रुख, ऐसी शर्तों पर जो ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकें (ईरान में किसी भी तरह का संवर्धन नहीं, और समृद्ध सामग्री को ईरान से हटाना) पूरे अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। गिदोन ने कहा, मैंने कहा कि ईरान द्वारा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में आर्थिक आतंकवाद के जरिए नौवहन की स्वतंत्रता और वैश्विक अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाना ऐसी कार्रवाई की मांग करता है, जिससे सभी देशों जिसमें भारत और खाड़ी क्षेत्र के हमारे मित्र भी शामिल हैं, के लिए नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित की जा सके। आशीष दुबे / 14 अप्रैल 2026