राज्य
13-Apr-2026
...


आज दिनभर रहेगी बैसाखी महापर्व की धूम जबलपुर, (ईएमएस)। बैसाखी महापर्व के शुभ अवसर पर गुरुद्वारा प्रेमनगर में जोशीले धार्मिक जयकारों के बीच उत्साह भरे माहौल में साध संगत द्वारा कारसेवा के साथ 51 मीटर वस्त्र से निर्मित हाइड्रोलिक सिस्टम से लैस 90 फुट ऊंचा बसंती निशान साहिब लहराया गया । श्री प्लाहा भंबरा परिवार ने चोला साहिब अर्पण कर यश प्राप्त किया वहीं गुरसिंघ सभा ने उन्हें सिरोपा प्रदान कर सम्मानित किया। बैसाखी महापर्व आज नगर के विभिन्न स्थानों में धूमधाम से मनाया जाएगा। सिख समाज के मीडिया प्रभारी प्रदीप सिंह भोगल ने बताया कि मुख्य आयोजन आज गुरुद्वारा प्रेमनगर में प्रातः 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक तथा रात्रि 7 बजे से अर्धरात्रि 11.45 बजे तक विशाल कीर्तन दरबार एवं गुरु का लंगर आदि कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा। जिसमें श्री दरबार साहिब अमृतसर स्वर्णमंदिर के हुजूरी रागी जत्था भाई गगनदीप सिंह, गुरुवाणी मीमांसक ज्ञानी सुखविंदर सिंह, लुधियाना, ढाड्डी जत्था भाई लवप्रीत सिंह जोश, श्री अकाल तख्त, अमृतसर सहित अनेक विद्वतजन शिरकत करेंगे। इस दौरान पंज प्यारों द्वारा परंपरागत अमृत संचार किया जाएगा । आयोजन समिति के अध्यक्ष मंजीत सिंह ननडा, सुरिंदर सिंह होरा, चरणजीत सिंह कैला, हरमीत सिंह धन्जल, बलजीत सिंह मांगट, अवतार सिंह प्लाहा, अजायब सिंह कैंबो आदि ने नगर के धर्मप्राण श्रद्धालुओं से उपस्थिति की अपील की है। इस महापर्व के मौके पर गुरुद्वारों को आकर्षक विद्युत छटा से रोशन किया गया है। दूसरी तरफ प्रशासनिक अधिकारियों ने आवश्यक व्यवस्थाओं के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल का मुआयना कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं सुनील साहू / मोनिका / 13 अप्रैल 2026/ 03.31