* सीएपीएफ-एसआरपीएफ तैनाती, ड्रोन निगरानी, बॉडी कैमरा और सख्त साइबर निगरानी के निर्देश * शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने पर जोर आणंद (ईएमएस)| जिले की उमरेठ विधानसभा सीट के उपचुनाव को ध्यान में रखते हुए गुजरात के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने आज अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा तैयारियों और कानून-व्यवस्था की स्थिति की गहन समीक्षा की और सख्त निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ हुई बैठक में डॉ. राव ने स्थानीय पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) और राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ) के जवानों की तैनाती योजना पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही लाइसेंसधारी हथियार जमा कराने की कार्रवाई और असामाजिक तत्वों के खिलाफ की गई निवारक गिरफ्तारियों की भी समीक्षा की गई। डीजीपी ने स्पष्ट कहा कि गुजरात पुलिस का संकल्प है कि चुनाव पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी माहौल में संपन्न हों। उन्होंने आदर्श आचार संहिता के सख्त पालन के निर्देश देते हुए सभी चेकपोस्ट पर कड़ी निगरानी रखने को कहा। उन्होंने उमरेठ क्षेत्र में मतदाताओं का विश्वास बढ़ाने के लिए ‘एरिया डोमिनेशन’ अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए ड्रोन के माध्यम से हवाई निगरानी और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों के लिए बॉडी-वॉर्न कैमरों के उपयोग पर जोर दिया गया। ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम की बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए जिला कंट्रोल रूम को सभी मतदान केंद्रों से लगातार संपर्क में रहने और संचार प्रणाली का परीक्षण करने को कहा गया। इसके अलावा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ साइबर सेल को सतर्क रहने और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली सामग्री पर तुरंत सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष ध्यान देते हुए पुलिस अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए। अंत में डीजीपी ने उमरेठ के नागरिकों से अपील की कि वे बिना किसी भय के शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करें। सतीश/13 अप्रैल