- पुलिस मुख्यालय से 27 अधिकारियों के सेवा अभिलेख विभाग ने मांगे भोपाल (ईएमएस)। मध्य प्रदेश को वर्ष 2026 में नौ आइपीएस अधिकारी और मिलेंगे। इसके लिए गृह विभाग ने राज्य पुलिस सेवा से आइपीएस संवर्ग में नियुक्ति की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। पुलिस मुख्यालय से 27 अधिकारियों के अभिलेख मांगे हैं। इनका परीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के अनुमोदन से संघ लोक सेवा आयोग को प्रस्ताव भेजा जाएगा। विभाग का प्रयास यह है कि अगस्त-सितंबर में विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक हो जाए। राज्य पुलिस सेवा से आइपीएस संवर्ग में नियुक्त हुए अधिकारियों की सेवानिवृत्ति पर जो पद उपलब्ध होते हैं, उतने ही अगले वर्ष फिर विभागीय पदोन्नति की प्रक्रिया के माध्यम से भरे जाते हैं। 2025 में नौ अधिकारी सेवानिवृत्त हुए, जिनके स्थान पर राज्य पुलिस सेवा के नौ अधिकारियों को आइपीएस संवर्ग में नियुक्ति का अवसर मिलेगा। सूत्रों का कहना है कि इसमें 1998 से 2000 बैच के अधिकारी होंगे। यूपीएससी को भेजा जाएगा अंतिम प्रस्ताव 2024 की डीपीसी में कुछ नाम रोक दिए गए थे, उन्हें इस वर्ष अवसर दिया जा सकता है। सेवा अभिलेख के आधार पर नामों का चयन होगा और मुख्यमंत्री के अनुमोदन से प्रस्ताव संघ लोक सेवा आयोग को भेजा जाएगा। इस प्रक्रिया के पूर्ण होते ही राज्य पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा में शामिल होने का अवसर प्राप्त होगा। विनोद / 13 अप्रैल 26