राज्य
13-Apr-2026


* एक ही घर की दो बहुएं, अलग-अलग पार्टी से लड़ रहीं नगर पालिका चुनाव अमरेली (ईएमएस)| गुजरात में स्थानीय स्वराज्य चुनाव को लेकर माहौल गर्म है और उम्मीदवार जोर-शोर से प्रचार में जुटे हुए हैं। इसी बीच अमरेली जिले के नगर पालिका चुनाव में एक अनोखा और दिलचस्प मुकाबला सामने आया है, जिसने सबका ध्यान खींच लिया है। अमरेली के वार्ड नंबर 9 में इस बार चुनावी जंग सिर्फ राजनीतिक दलों की नहीं, बल्कि एक ही परिवार की दो महिलाओं के बीच भी है। यहां देवरानी और जेठानी आमने-सामने चुनावी मैदान में हैं। एक ओर काजल सोलंकी कांग्रेस की उम्मीदवार के रूप में मैदान में हैं, जबकि दूसरी ओर रेनुका सोलंकी भाजपा की तरफ से चुनाव लड़ रही हैं। खास बात यह है कि दोनों सगी देवरानी–जेठानी हैं। रेनुका सोलंकी का कहना है कि वे भाजपा की विचारधारा, विकास कार्यों और शहर में हुए बदलावों के आधार पर जनता से वोट मांगेंगी। उन्हें पूरा भरोसा है कि जनता उन्हें समर्थन देगी और वे जीत हासिल करेंगी। वहीं काजल सोलंकी का कहना है कि उनके क्षेत्र में पानी, गटर और सफाई जैसी बुनियादी समस्याएं हैं, जिससे लोग नाराज हैं। अगर वे जीतती हैं तो क्षेत्र में सुशासन और विकास को प्राथमिकता देंगी। दोनों उम्मीदवारों का दावा है कि उनके बीच कोई पारिवारिक विवाद नहीं है और वे सिर्फ अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं के आधार पर चुनाव लड़ रही हैं। परिवार में आपसी संबंध सामान्य हैं, लेकिन मैदान में मुकाबला पूरी तरह सियासी हो चुका है। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस अनोखी चुनावी लड़ाई में जीत किसकी होती है - देवरानी की या जेठानी की। सतीश/13 अप्रैल