- प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नारी शक्ति वंदन सम्मेलन को संबोधित किया बाल भवन में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम का अयोजन ग्वालियर ( ईएमएस ) | प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को देश की राजधानी नईदिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित हुए “नारी शक्ति वंदन” कार्यक्रम को संबोधित किया। ग्वालियर में बाल भवन में जिला स्तरीय नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में सीधे प्रसारण के जरिए जिले की महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उदबोधन सुना। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान सहित जिले की महिला उद्यमी, महिला अधिवक्ता, बाल कल्याण समिति के सदस्य व महिला प्रशासनिक अधिकारी एवं महिला समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इस अवसर पर नारी शक्ति वंदन अधिनियम का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत 21वीं सदी के सबसे बड़े निर्णयों में से एक ऐसा निर्णय लेने जा रहा है, जो नारी शक्ति को समर्पित है। प्रधानमंत्री ने इस क्षण को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि देश की संसद एक नया इतिहास रचने के निकट है जो अतीत के विजन और भविष्य के संकल्पों को पूरा करेगा। सामाजिक न्याय के महत्व पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि देश एक समतावादी भारत की कल्पना करता है जहां सामाजिक न्याय केवल एक नारा नहीं बल्कि कार्य संस्कृति का अभिन्न अंग है। प्रधानमंत्री ने कहा, राज्य विधानसभाओं से लेकर देश की संसद तक, दशकों की प्रतीक्षा अब समाप्त होने वाली है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने वर्ष 2023 में नए संसद भवन में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित होने का स्मरण करते हुए कहा कि इसे सर्वसम्मति से पारित किया गया था और सभी दलों ने इस बात पर सहमति जताई थी कि इसे हर हाल में 2029 तक क्रियान्वित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संसद के बजट सत्र का विशेष सत्र 16 अप्रैल से आरंभ होगा। श्री मोदी ने कहा, हमारा प्रयास और प्राथमिकता यह है कि यह कार्य संवाद, सहयोग और भागीदारी के माध्यम से पूरा किया जाए, जिससे संसद की गरिमा बढ़ेगी। प्रधानमंत्री ने सभी महिलाओं से इस पूरी प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी बनाए रखने और अपने सांसदों से मिलकर अपने विचार और अपेक्षाएं साझा करने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि स्थानीय निकायों और संस्थानों में वर्षों से कार्यरत लाखों महिलाओं के पास व्यापक अनुभव है और वे बड़ी भूमिकाओं के लिए तैयार और उत्सुक हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम का कार्यान्वयन इन सभी महिलाओं के जीवन में एक बड़ा अवसर साबित होगा। प्रधानमंत्री ने कहा, पंचायत से संसद तक की यात्रा सुगम होने वाली है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम से लेकर संविधान सभा तक महिलाओं के योगदान का उल्लेख करते हुए स्वतंत्र भारत की नींव रखने में नारी शक्ति की असीम भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा प्रतिनिधित्व के अवसर प्राप्त करने वाली महिलाओं ने राष्ट्र के लिए उत्कृष्ट कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आज हमारे देश में राष्ट्रपति से लेकर वित्त मंत्री तक, महिलाएं इतने महत्वपूर्ण पदों पर आसीन हैं। श्री मोदी ने कहा, राष्ट्रपति से लेकर प्रधानमंत्री तक, जहां भी महिलाएं रही हैं, उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री ने अपील के माध्यम से महिलाओं से आग्रह किया कि वे नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम की चर्चा को व्यक्तिगत मुलाकातों और सोशल मीडिया के माध्यम से देश के हर गांव तक पहुंचाएं। देश को इस महत्वपूर्ण निर्णय के बारे में हर महिला को जागरूक करना होगा ताकि वे इसकी शक्ति को समझ सकें, अपनी भूमिका को जान सकें और आने वाले समय में राज्यों से लेकर देश की संसद तक अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का स्पष्ट रूप से सपना देख सकें। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर महिलाओं के सशक्तिकरण एवं पंचायतीराज व नगरीय निकायों में महिलाओं की भागीदारी सहित सरकार द्वारा महिलाओं के हित में संचालित कार्यक्रमों का विस्तार से उल्लेख किया। साथ ही महिलाओं की सफलता को भी रेखांकित किया। सकारात्मक सोच के साथ सफलता के पथ पर आगे बढ़ें महिलायें – कलेक्टर श्रीमती चौहान कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिला स्तरीय कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं का आह्वान किया कि वे सकारात्मक सोच के साथ सफलता के पथ पर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनायें आपको आगे बढ़ने में पूरी मदद करेंगीं। कलेक्टर ने यह भी आह्वान किया कि आप सब अपने-अपने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से मिलकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर सार्थक संवाद करें। साथ ही अपने क्षेत्र की समस्याओं को खुलकर बताएं। उन्होंने इस अवसर पर जानकारी दी कि वर्तमान में नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा मनाया जा रहा है। जिसके तहत महिला सशक्तिकरण पर केन्द्रित विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित हो रही हैं। आप सब भी इसमें सहभागी बनें। कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त नगर निगम मुनीष सिकरवार एवं सहायक संचालक महिला बाल विकास राहुल पाठक सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी शामिल हुए।