13-Apr-2026
...


- एरियर और बोनस की मांग पर कचरा वाहन चालकों की हड़ताल, शहर में ठप रहा डोर-टू-डोर कलेक्शन गुना (ईएमएस)। शहर में घर-घर से कचरा उठाने वाले वाहन चालकों ने सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी, जिससे सुबह कई इलाकों में कचरा संग्रहण नहीं हो सका और नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हड़ताल की वजह पिछले वर्ष का बकाया एरियर और बोनस नहीं मिलना बताया जा रहा है। दैनिक वेतनभोगी, आउटसोर्स एवं कार्यभारित कर्मचारी एकता यूनियन (सीटू) के बैनर तले काम कर रहे इन चालकों का कहना है कि वे लंबे समय से भुगतान की मांग कर रहे हैं, लेकिन नगर पालिका और संबंधित एजेंसी की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। यूनियन द्वारा 8 अप्रैल को नगर पालिका अधिकारी को लिखित सूचना देकर स्पष्ट कर दिया गया था कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो 13 अप्रैल से काम बंद कर दिया जाएगा। निर्धारित तिथि पर चालक सुबह कचरा वाहन डिपो पर एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। इसके बाद उन्होंने काम बंद कर दिया। हड़ताल का सीधा असर शहर की सफाई व्यवस्था पर पड़ा और कई वार्डों में कचरा उठाने की व्यवस्था पूरी तरह बाधित रही। बताया जा रहा है कि ये सभी कर्मचारी नगर पालिका के लिए एक निजी एजेंसी के माध्यम से कार्यरत हैं। बीच में एजेंसी बदलने के बावजूद पूर्व एजेंसी के समय का एरियर अब तक नहीं दिया गया, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बनी हुई है। उनका कहना है कि कई बार कलेक्ट्रेट और नगर पालिका में ज्ञापन देने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। यूनियन ने साफ किया है कि जब तक बकाया भुगतान नहीं किया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। वहीं, शहरवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द समाधान निकालकर सफाई व्यवस्था को सामान्य करेगा। - सीताराम नाटानी