- छवि धूमिल करने वालों के विरूद्ध हो कड़ी कार्रवाई- पंकज सिंह बस्ती (ईएमएस)। सोमवार को विश्व हिन्दू महासंघ जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह और सामाजिक कार्यकर्ता पंकज सिंह ने बड़े बन के निकट एक निजी होटल में पत्रकारों से बातचीत करते हुये कहा कि जनपद में खनन नियमों की खुले आम धज्जियां उडायी जा रही है। जिलाधिकारी को ज्ञापन देने के बावजूद अभी तक खनन अधिकारी द्वारा कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। कुछ ठेकेदार दबंगई और रिश्वत के बल पर नियम कानून तोड़ रहे हैं और प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है। विश्व हिन्दू महासंघ जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह और सामाजिक कार्यकर्ता पंकज सिंह ने पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर देेते हुये बताया कि सल्टौआ गोपालपुर विकास खण्ड क्षेत्र के दसिया में एक शराब फैक्ट्री का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें लगभग तीन सौ बीघे में अवैध ढंग से मिट्टी खनन कराकर पटाई खनन माफियाओं द्वारा कराया जा रहा है। मिलीभगत से सरकारी राजस्व को क्षति पहुंचायी जा रही है। एक दबंग ठेकेदार पूरी व्यवस्था पर भारी पड़ रहा है और खनन अधिकारी न जाने किस प्रभाव में चुप्पी साधे हुये है। कहा कि यदि अवैध खनन पर प्रशासन ने प्रभावी रोक न लगाया तो वे आन्दोलन को बाध्य होंगे। सामाजिक कार्यकर्ता नगर थाना क्षेत्र के महरीपुर निवासी पंकज सिंह ने बताया कि उनके विरूद्ध राजेश शुक्ला उर्फ बबलू पुत्र राजेन्द्र प्रसाद शुक्ला निवासी गोबरहिया थाना पुरानी बस्ती द्वारा जो आरोप लगाये गये थे वे जांच में निराधार पाये गये। कहा कि झूठा आरोप लगाकर उनकी छवि धूमिल करने वालों के विरूद्ध मुकदमा पंजीकृत कराकर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराया जाय। .../ 13 अप्रैल /2026