क्षेत्रीय
13-Apr-2026
...


दतिया ( ईएमएस ) / कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े की अध्यक्षता में आज सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी प्राथमिकता वाले कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं, अन्यथा कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में कलेक्टर श्री वानखड़े ने सभी सीएमओ को निराश्रित गोवंश के स्थानांतरण की कार्रवाई तत्काल करने के निर्देश दिए। वहीं समस्त राजस्व अधिकारियों को गेहूं सत्यापन कार्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने को कहा गया। जनगणना कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि स्वगनणना के कार्य को सभी अधिकारी पूरी गंभीरता से ले। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका भर्ती में प्राप्त दावा-आपत्ति प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि निराकरण से असंतुष्ट आवेदक कलेक्टर न्यायालय में अपील कर सकते हैं। साथ ही राजस्व न्यायालय के लंबित प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए अगले सप्ताह पुनः समीक्षा बैठक आयोजित करने की बात कही। बैठक के दौरान कृषि विभाग को निर्देशित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि फसल बीमा एवं फसल सर्वे कार्य समय पर पूर्ण हों, ताकि किसानों को योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने सीएमओ इंदरगढ़ को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी प्रकरण समय-सीमा से बाहर नहीं जाना चाहिए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों पर प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना लगाया जाएगा। कलेक्टर श्री वानखड़े ने पट्टा सर्वे कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को शीघ्र ही जनप्रतिनिधियों के माध्यम से पट्टा वितरण किया जाएगा, जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। बैठक में पीएम स्वनिधि, स्वामित्व योजना, एएनसी पंजीकृत महिलाओं की समग्र आईडी निर्माण, अवमानना प्रकरण, अंतर्विभागीय मुद्दों एवं समय-सीमा में लंबित पत्रकों की भी समीक्षा की गई। अतिक्रमण हटाने के संबंध में कलेक्टर ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि इंदरगढ़ स्थित शीतला माता मंदिर एवं पीतांबरा मंदिर के आसपास से अतिक्रमण हटाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा यातायात बाधित न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि अतिक्रमण न हटाने की स्थिति में सख्ती से कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया जाएगा। लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दतिया अक्षय कुमार तेम्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती श्रृति अग्रवाल सहित सभी जिला अधिकारीगण उपस्थित रहे।