बिलासपुर (ईएमएस)। विश्व हिन्दू परिषद ने रविवार को केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू को ज्ञापन सौंपकर शहर को क्लास सी से क्लास बी श्रेणी में उन्नत करने की मांग की। परिषद ने तर्क दिया कि वर्तमान में जनसंख्या, संसाधनों और विकास के स्तर पर क्लास बी शहर के मानकों को पूरा करता है।ज्ञापन में बताया गया कि शहर की आबादी 8 लाख से अधिक हो चुकी है, जबकि जिले की जनसंख्या लगभग 35 लाख के आसपास है। साथ ही यह संभागीय मुख्यालय होने के कारण प्रशासनिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण केंद्र है। हाईकोर्ट, रेलवे और स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा केंद्र परिषद ने उल्लेख किया कि बिलासपुर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय का मुख्यालय है, जिससे यह राज्य का प्रमुख न्यायिक केंद्र बनता है। वहीं दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का मुख्यालय होने के कारण रेलवे क्षेत्र में भी इसकी विशेष पहचान है।स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में भी शहर अग्रणी है, जहां सिम्स सहित कई अस्पताल पूरे संभाग को सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। कोयला उत्पादन, एनटीपीसी सीपत जैसे विद्युत परियोजनाओं और अन्य औद्योगिक इकाइयों के माध्यम से बिलासपुर राज्य की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। व्यापार, शिक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में भी लगातार विस्तार हो रहा है।इस दौरान संदीप गुप्ता, राजीव शर्मा, सौमित्र गुप्ता और अपूर्व श्रीवास्तव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मनोज राज 13 अप्रैल 2026