क्षेत्रीय
13-Apr-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। नगर पालिक निगम बिलासपुर और नगर पालिक निगम कोरबा के बीच आयोजित महिला पार्षद कबड्डी प्रतियोगिता में बिलासपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। महापौर पूजा विधानी के नेतृत्व में उतरी बिलासपुर की टीम ने पूरे मैच में दमदार खेल दिखाया और कोरबा नगर निगम की टीम को पटखनी देते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता के दौरान दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन बिलासपुर की टीम ने बेहतर तालमेल, फुर्ती और रणनीति के दम पर बढ़त बनाए रखी। खिलाडय़िों ने शानदार रेड और मजबूत डिफेंस के जरिए विरोधी टीम को अंक हासिल करने का ज्यादा मौका नहीं दिया। मैच के दौरान दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला और खिलाडय़िों का लगातार उत्साहवर्धन किया गया। विजेता टीम के खिलाड़ी हुए सम्मानित महापौर पूजा विधानी ने टीम की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह जीत टीम वर्क और आत्मविश्वास का परिणाम है। उन्होंने खिलाडिय़ों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं जनप्रतिनिधियों के बीच आपसी सहयोग और खेल भावना को बढ़ावा देती हैं। इस जीत के साथ ही बिलासपुर की टीम ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के अंत में विजेता टीम को सम्मानित किया गया और सभी खिलाडय़िों का उत्साह बढ़ाया गया। मनोज राज 13 अप्रैल 2026