- 3 महिला सहित 6 आरोपियों से 26 किलो गांजा जब्त जबलपुर, (ईएमएस)। क्राइम ब्रांच और सिहोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने मनसकरा तिराहे पर गांजा तस्करी में लिप्त तीन महिलाओं सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर आरोपियों के कब्जे से कुल 26 किलो 978 ग्राम गांजा बरामद किया गया है जिसकी अनुमानित कीमत 13 लाख 48 हजार 900 रूपये आंकी गई है। मुखबिर की सूचना पर सिहोरा के मनसकरा तिराहे पर पुलिस की टीम ने कटनी से आ रही बस से उतरे आरोपी को हुलिये के आधार पर दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान भानतलैया निवासी नंदनी देवी गढवाल, महाराजपुर निवासी कामिनी बैन, सुहागी निवासी वैष्णवी उर्फ जया बेन, मिढासन निवासी अजय प्रजापति और गांधीग्राम निवासी दीपक चौरसिया के रूप में हुई। तलाशी के दौरान इनके पास मौजूद बैग और थैलों से कुल 18 किलो 83 ग्राम गांजा बरामद किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा उड़ीसा से लेकर आए थे और इसका कुछ हिस्सा पहले ही कुसनेर निवासी सोनू उर्फ विष्णु पटेल को दिया जा चुका था। जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने कुसनेर में दबिश देकर विष्णु पटेल को पकड़ा जिसके घर से 8 किलो 895 ग्राम गांजा और मिला। पुलिस ने सभी 6 आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। सुनील साहू / मोनिका / 13 अप्रैल 2026/ 06.08