क्षेत्रीय
13-Apr-2026
...


मधुबनी, (ईएमएस)। बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (एईओ) की प्रतियोगिता परीक्षा आज मंगलवार से शुरू होगी। यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। जिसमें मधुबनी एवं झंझारपुर अनुमंडल के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कुल 4,884 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। इसके लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त संचालन को लेकर प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की व्यवस्था की गई है ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी को रोका जा सके। साथ ही, परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू रहेगी। जिससे भीड़-भाड़ को नियंत्रित किया जा सके। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने का निर्देश दिया गया है। प्रवेश के दौरान सघन जांच की जाएगी तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं के प्रवेश पर पूर्णतः रोक रहेगी। जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा के दौरान सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में सहयोग करें। - कार्तिक कुमार/संतोष झा-१३ अप्रैल/२०२६/ईएमएस