ग्वालियर ( ईएमएस ) भोपाल की 21 वर्षीय बीएससी छात्रा से एक युवक ने खुद को हिंदू बताकर दोस्ती की। ग्वालियर के होटल में 7 दिन तक रेप किया। पीड़िता से पैसे भी वसूले। छात्रा 3 महीने की गर्भवती है। मामला ग्वालियर के गिरवाई थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से मध्य प्रदेश के पांढुर्णा जिले की रहने वाली है। भोपाल के अशोका गार्डन इलाके में रहकर पढ़ाई कर रही थी। करीब एक साल पहले उसकी इंस्टाग्राम पर सदेव शूटर नाम की आईडी से बातचीत शुरू हुई थी। पीड़िता ने बताया- धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी। मोबाइल नंबर एक्सचेंज हुए। आरोपी के बुलाने पर छात्रा 4 मार्च 2025 को ग्वालियर पहुंची। यहां उसे गिरवाई इलाके के एक होटल में ठहराया। करीब 7 दिन तक रही। होटल में आरोपी ने कई बार रेप किया। पीड़िता के अनुसार , ग्वालियर से लौटने के चार दिन बाद आरोपी ने छात्रा को फोन कर बताया कि वह किसी परेशानी में है। उसे तुरंत 50 हजार रुपए की जरूरत है। छात्रा ने अपने कान के बाले बेचकर उसे पैसे दे दिए। इसके बाद आरोपी भोपाल आ गया। अशोका गार्डन इलाके में छात्रा के साथ लिव-इन में रहने लगा। दोनों करीब तीन महीने तक साथ रहे। इस दौरान भी आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। छात्रा तीन महीने की गर्भवती हो गई। छात्रा ने आरोपी से शादी की बात कही तो आरोपी ने बताया वह मुस्लिम है। हिंदू धर्म छोड़कर मुस्लिम धर्म अपनाने की शर्त रख दी। आरोपी ने कहा कि अगर शादी करना है तो धर्म बदलकर मुस्लिम बनना पड़ेगा। छात्रा के विरोध करने पर पीटा। इसके अलावा आरोपी ने छात्रा के दिए 50 हजार रुपए भी लौटाने से इनकार कर दिया। युवक ने छात्रा पर गर्भपात का दबाव बनाया। उसे दवा देकर गर्भ गिराने की कोशिश की, लेकिन छात्रा ने दवा नहीं ली। मामले में पीड़िता ने तीन दिन पहले अशोका गार्डन थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। वारदात ग्वालियर के गिरवाई थाना क्षेत्र की है, इसलिए केस डायरी वहां भेजी गई है। गिरवाई पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।