क्षेत्रीय
13-Apr-2026
...


मुरैना ( ईएमएस ) /कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार मुरैना में समय-सीमा पत्रों, सीएम हेल्पलाइन एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत सहित समस्त जिला अधिकारी, एसडीएम, आयुक्त नगर निगम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार, जनपद सीईओ एवं नगरीय निकायों के सीएमओ उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर ने समस्त जनपद सीईओ को निर्देश दिए कि जिले के सभी खुले बोरवेल, कुएं एवं बावड़ियों को कवर्ड कराया जाए। साथ ही समस्त पटवारियों को सोमवार से गुरुवार (सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक) फील्ड में उपस्थित रहकर कार्य करने तथा शुक्रवार को तहसील मुख्यालय पर कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने खेतों में पराली जलाने की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश समस्त तहसीलदारों को दिए तथा किसानों को जागरूक करने के निर्देश उपसंचालक, कृषि विभाग को दिए। उर्वरक का वितरण ई-टोकन के माध्यम से कराने तथा बिना ई-टोकन विक्रय करने वाले विक्रेताओं पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने बताया कि जिले में एचपीवी टीकाकरण 91 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है तथा शेष लक्ष्य 2 दिवस में पूर्ण करने के निर्देश जिला टीकाकरण अधिकारी को दिए। शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालयों में कम उपस्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए शिक्षकों को पालकों से संपर्क कर छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। एलपीजी आपूर्ति की समीक्षा में घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर कार्रवाई के निर्देश समस्त तहसीलदार एवं जिला आपूर्ति अधिकारी को दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि 15 अप्रैल से मंडियों में गेहूं उपार्जन प्रारंभ होगा। समस्त एसडीएम मंडियों का निरीक्षण कर सर्वेयर, वारदाना, छलना, सिलाई मशीन आदि की उपलब्धता सुनिश्चित करें। 14 अप्रैल 2026 को टाउन हॉल में जिला स्तरीय डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी विभाग अपनी योजनाओं के स्टॉल लगाकर कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे। बैठक में बताया गया कि 10 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक “नारी शक्ति वंदन” पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। कलेक्टर ने 14 अप्रैल को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन कराने तथा खेल विभाग को महिलाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जलगंगा संवर्धन कार्यक्रम के अंतर्गत लंबित कार्यों की समीक्षा करने एवं ग्रीष्मकाल को दृष्टिगत रखते हुए सभी लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ईपीएचई विभाग को निर्देशित किया कि पुराने हैंडपंपों की मरम्मत, राइजर पाइप सुधार तथा आवश्यकतानुसार नए हैंडपंप स्थापित किए जाएं। सीएम हेल्पलाइन के 100 दिवस से अधिक लंबित प्रकरणों को शीघ्र निराकृत करने, फार्मर आईडी, बकेट क्लेम एवं स्वामित्व योजना के तहत फाइनल पब्लिकेशन सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों में कमी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही संकल्प समाधान अभियान के लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी विभाग लंबित कार्यों में तेजी लाएं तथा शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।