क्षेत्रीय
13-Apr-2026
...


- मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में रिश्वत मांगने का आरोप सरपंच पति ने मांगे रुपए, कहा- हमारे साइन से 61 हजार मिलेंगे मण्डला (ईएमएस)। मंडला जिले की ककैया पंचायत में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत रिश्वत मांगने का आरोप सामने आया है। पूरे मामले का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में सरपंच पति फागूलाल मरकाम कथित तौर पर एक हितग्राही से फॉर्म पर हस्ताक्षर के बदले पैसे की मांग करते दिख रहे हैं। आरोप है कि ककैया सरपंच ममता मरकाम के पति फागूलाल मरकाम ने हितग्राही भूपेंद्र भावरे से कहा, हमारे साइन से ही आपकी शादी होगी और 61 हजार रुपए मिलेंगे, लेकिन हमें क्या मिलेगा? भूपेंद्र भावरे ने बताया कि जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया, तो उनके फॉर्म पर हस्ताक्षर नहीं किए गए और उन्हें बिना काम के लौटना पड़ा। भावरे ने इस मामले में प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। आरोपों पर सरपंच पति फागूलाल मरकाम ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र उनका भतीजा है और यह बातचीत मजाक में हुई थी। मरकाम ने यह भी बताया कि उस समय उनकी पत्नी, जो सरपंच हैं, घर पर मौजूद नहीं थीं। उन्होंने वायरल वीडियो को गलत संदर्भ में प्रस्तुत करने का आरोप लगाया। पंचायत सचिव महासिंह मरावी ने बताया कि उन्होंने नियमानुसार आवेदन फॉर्म पर हस्ताक्षर कर दिए थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना का लाभ लेने के लिए किसी भी प्रकार की राशि देने की आवश्यकता नहीं होती है। मरावी ने यह भी कहा कि सरपंच से हस्ताक्षर कराने के दौरान क्या हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। वहीं इस मामले में बिछिया जनपद सीईओ रमेश मंडावी के अनुसार मामले की जांच के लिए टीम भेजी गई थी, लेकिन शिकायतकर्ता द्वारा बयान नहीं दिया जा रहा है। इस मामले के सामने आने के बाद पंचायत स्तर पर हलचल बढ़ गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर क्या कार्रवाई करता है। ईएमएस / 13/04/2026