क्षेत्रीय
13-Apr-2026
...


मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी नगर थाना क्षेत्र के जिला मुख्यालय में सोमवार को एक एटीएम में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। रेलवे स्टेशन के सामने स्थित एसबीआई एटीएम से एक महिला के बैंक खाते से 37,000 की अवैध निकासी कर ली गई। पीड़िता की पहचान सुपौल थाना क्षेत्र में पदस्थापित वाहन चालक महेश प्रसाद सिंह की पत्नी फूल देवी के रूप में हुई है। जो खजौली थाना क्षेत्र के सुक्की गांव की निवासी हैं। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8.30 से 9 बजे के बीच फूल देवी रेलवे कैंपस के एटीएम पर पैसे निकालने पहुंची। महिला ने एटीएम में कार्ड डालकर 10,000 निकालने का प्रयास किया पर रुपया नहीं निकला। दोबारा प्रयास करने पर उनका कार्ड मशीन में फंस गया। इसी दौरान पास खड़े एक अज्ञात युवक ने उन्हें एटीएम पर लिखे एक नंबर पर कॉल करने की सलाह दी। महिला द्वारा बताए गए नंबर पर कॉल करने के बाद फोन पर मौजूद व्यक्ति ने करीब 15 मिनट तक उन्हें बातों में उलझाए रखा। इस बीच जब वह दोबारा एटीएम के पास पहुंचीं तो उनका कार्ड मशीन से गायब था। थोड़ी ही देर में उनके मोबाइल पर पंजाब नेशनल बैंक खाते से 37 हजार निकासी का मैसेज आ गया। घटना के बाद पीड़िता पहले साइबर थाना पहुंचीं, जहां से उन्हें मधुबनी नगर थाना भेज दिया गया। नगर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हालांकि, पीड़िता द्वारा अब तक लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद शहर में एटीएम के नजदीक सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि एटीएम का उपयोग करते समय सतर्क रहें और किसी भी अजनबी की सलाह पर भरोसा न करें। - कार्तिक कुमार/संतोष झा-१३ अप्रैल/२०२६/ईएमएस