राज्य
13-Apr-2026


भोपाल(ईएमएस)। एम्स भोपाल में प्रशासनिक कार्यों को और अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में, एम्स भोपाल में “आरक्षण रोस्टर एवं रिक्ति रोस्टर” विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में संस्थान के विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी, कार्मिक और संबंधित पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के निदेशक संदीप सक्सेना मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने सरल भाषा में बताया कि आरक्षण के नियम कैसे लागू किए जाते हैं, रोस्टर कैसे तैयार किया जाता है और रिक्त पदों का सही निर्धारण कैसे किया जाता है। उन्होंने समझाया कि इन नियमों का सही तरीके से पालन करना क्यों जरूरी है। इस कार्यशाला की एक खास बात यह रही कि इसमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, महिला और दिव्यांगजन से जुड़े सभी नामित संपर्क अधिकारी मौजूद रहे। उनकी भागीदारी से यह सुनिश्चित किया गया कि सभी वर्गों के अधिकारों का सही तरीके से पालन हो सके। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को रोस्टर प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं के बारे में भी जानकारी दी गई। इससे संस्थान के कामकाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता बढ़ेगी। यह कार्यशाला सुशासन को मजबूत करने और नियमों के सही पालन को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हरि प्रसाद पाल / 13 अप्रैल, 2026