:: नशे में गाड़ी दौड़ाने वाले 218 चालकों पर गिरी गाज; 350 के विरुद्ध सख्त कानूनी प्रहार :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में अपराध और अपराधियों की कमर तोड़ने के लिए इंदौर पुलिस ने बीती रात एक साथ सरप्राइज स्ट्राइक की। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के कड़े निर्देशों के बाद शहर के चारों ज़ोन में आधी रात को एक साथ सायरन गूंजे और पुलिस बल सड़कों पर उतरा। इस सघन अभियान के दौरान करीब 450 गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों की घेराबंदी कर उन्हें चेक किया गया, जिनमें से 350 के विरुद्ध पुलिस ने तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की। सड़क सुरक्षा को ताक पर रखकर शराब पीकर वाहन चलाने वाले लापरवाहों पर पुलिस ने सबसे बड़ा प्रहार किया है। चेकिंग के दौरान नशे की हालत में स्टीयरिंग थामने वाले 218 चालक पकड़े गए। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए 185 चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उनकी गाड़ियां मौके पर ही जब्त कर लीं। पुलिस की इस कार्रवाई का सीधा संदेश है कि निर्दोषों की जान जोखिम में डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। :: आसमान से नजर, जमीन पर पहरा :: एडिशनल कमिश्नर (क्राइम) आर.के. सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस ने इस बार हाईटेक तकनीक का सहारा लिया। शहर के संवेदनशील हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में ड्रोन पेट्रोलिंग के जरिए उन तंग गलियों और छतों पर भी नजर रखी गई जहाँ सामान्यतः पुलिस की पहुंच चुनौतीपूर्ण होती है। इसके साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों ने बल के साथ पैदल भ्रमण कर अपराधियों में खौफ और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास पैदा किया। :: हथियारबंद बदमाशों और वारंटियों पर शिकंजा :: मुहिम के दौरान पुलिस ने पुराने रिकॉर्ड खंगालते हुए 141 वारंट तामील कराए, जिनमें 26 स्थायी वारंटी शामिल हैं। अवैध हथियार (चाकू) लेकर घूमने वाले 3 बदमाश और अवैध शराब बेचने वाले 4 आरोपियों को भी रंगे हाथों गिरफ्तार कर आबकारी और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। :: डोजियर भरवाकर दी चेतावनी :: आदतन अपराधियों पर नकेल कसते हुए 84 बदमाशों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पकड़े गए बदमाशों से डोजियर भरवाए गए हैं, जिससे उनकी भविष्य की हर गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। अधिकारियों ने स्पष्ट हिदायत दी है कि यदि दोबारा किसी भी अवैधानिक गतिविधि में संलिप्त पाए गए, तो कार्रवाई और भी अधिक कठोर होगी। प्रकाश/13 अप्रैल 2026