:: वाइन शॉप सहित पाँच संस्थानों पर 13 हजार का जुर्माना; अलसुबह निरीक्षण पर निकले निगमायुक्त के सख्त तेवर से महकमे में हड़कंप :: इंदौर (ईएमएस)। स्वच्छता के सिरमौर इंदौर की साख से खिलवाड़ करने वाले लापरवाह अमले पर सोमवार को गाज गिरी। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने अलसुबह शहर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी में गंभीर लापरवाही और गंदगी मिलने पर आयुक्त ने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए अरविंदो क्षेत्र के दरोगा करोसिया को तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक (बर्खास्त) करने के निर्देश दिए। आयुक्त की इस कार्रवाई से पूरे निगम महकमे में हड़कंप मच गया है। निरीक्षण के दौरान आयुक्त के तल्ख तेवर तब और कड़े हो गए जब दीपमाला ढाबा और सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में वाइन शॉप व गन्ने की चरखियों के बाहर कचरा बिखरा मिला। उन्होंने मौके पर ही सख्त कार्रवाई करते हुए 5 व्यावसायिक संस्थानों पर 13 हजार रुपये का जुर्माना ठोक दिया। आयुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शहर की सड़कों को गंदा करने वाले प्रतिष्ठानों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। :: कामचोरों पर गिरी गाज, कटा वेतन :: बाणगंगा, रेलवे स्टेशन और इंडस्ट्रियल एरिया में निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी अपनी ड्यूटी से नदारद मिले। सड़कों पर पसरी गंदगी और कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर बिफरे आयुक्त ने संबंधित क्षेत्रों के दरोगाओं का एक-एक दिन का वेतन काटने का फरमान सुनाया। वहीं, बीमा अस्पताल और नंदा नगर में मलबे (C&D वेस्ट) के ढेर मिलने पर भी दरोगाओं पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गाज गिरी। :: सड़क पर खुद खड़े रहकर हटवाई बाधा :: निरीक्षण सिर्फ गंदगी तक सीमित नहीं रहा; जनसुविधा का ध्यान रखते हुए आयुक्त ने अरविंदो अस्पताल के पास सड़क पर पड़े मिट्टी के उस ढेर को तत्काल हटवाया, जिससे यातायात बाधित हो रहा था। आयुक्त ने मैदानी अधिकारियों को दो टूक कहा कि इंदौर की स्वच्छता केवल कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर दिखनी चाहिए, अन्यथा लापरवाही बरतने वालों पर इसी तरह गाज गिरती रहेगी। प्रकाश/13 अप्रैल 2026