राज्य
16-Apr-2026


भोपाल (ईएमएस) । प्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य (रूस्क्क) पर हो रही खरीदी प्रक्रिया में विलंब को लेकर राज्यसभा सांसद एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर किसानों को हो रही कठिनाइयों से अवगत कराया तथा व्यवस्था को शीघ्र सुधारने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है। सिंह ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि कृषि सलाहकार परिषद, मध्यप्रदेश के पूर्व सदस्य एवं किसान नेता श्री केदार सिरोही द्वारा प्रस्तुत आवेदन में बताया गया है कि एमएसपी खरीदी में लगभग एक माह की देरी के कारण प्रदेश के किसानों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए यह व्यवस्था प्रभावित होती प्रतीत हो रही है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।उन्होंने कहा कि यदि समय रहते खरीदी प्रक्रिया को सरल, सुगम एवं तेज नहीं बनाया गया, तो किसानों की समस्याएं और अधिक बढ़ सकती हैं। इस स्थिति को सुधारने हेतु किसान नेता श्री केदार सिरोही द्वारा कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए गए हैं, जिन्हें तत्काल लागू करने की आवश्यकता है। प्रमुख सुझाव इस प्रकार हैं: - खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि किसानों को दूरस्थ स्थानों तक न जाना पड़े। - खरीदी केंद्रों पर निर्धारित खरीद सीमा को दोगुना किया जाए। - खरीदी प्रक्रिया में आने वाली छुट्टियों को निरस्त कर निरंतर तौल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। - सभी वेयरहाउसों पर धर्मकांटे से तौल अनिवार्य की जाए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे। - शनिवार एवं रविवार को किसानों को स्वयं के संसाधनों से वेयरहाउस पर तौल कराने की अनुमति दी जाए तथा उसका व्यय सीधे उनके खातों में जमा किया जाए। - बड़े किसानों के लिए स्लॉट बुकिंग प्रणाली प्रारंभ की जाए, जिससे भीड़ प्रबंधन सुचारू रूप से हो सके। दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि प्रदेश के लाखों किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए एमएसपी खरीदी प्रक्रिया में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए त्वरित एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए किसानों को राहत प्रदान करने हेतु शीघ्र निर्णय लेगी। आशीष पाराशर, १६ अप्रैल, २०२६