:: लापरवाही पर लगाम : 1526 ने नहीं पहना हेलमेट, मोबाइल पर बात करने वाले और रॉन्ग पार्किंग वाले भी नपे :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने और सड़कों को सुरक्षित बनाने के लिए इंदौर पुलिस ने अब कमर कस ली है। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में शहर के चारों यातायात ज़ोन में विशेष पेट्रोलिंग और व्हील लॉक टीमों ने सघन अभियान चलाया। इस ऑन रोड कार्रवाई के दौरान नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले 1935 वाहन चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई, जिससे व्यस्त बाजारों और प्रमुख मार्गों पर व्यवस्था सुधरी हुई नजर आई। यातायात उपायुक्त (प्रभारी) राजेश कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में टीमों ने न केवल हेलमेट पर ध्यान दिया, बल्कि मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले और रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने वालों को भी निशाने पर लिया। आंकड़ों की बात करें तो 1526 वाहन चालक बिना हेलमेट के पाए गए। वहीं, नो पार्किंग और रॉन्ग पार्किंग में खड़े 220 वाहनों पर कार्रवाई की गई। गाड़ी चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने वाले 21 और वन-वे का उल्लंघन करने वाले 57 चालकों के भी चालान बनाए गए। :: चारों ज़ोन में चला चेकिंग का चक्रवात :: पुलिस की टीमों ने शहर के चप्पे-चप्पे पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई: ज़ोन-1: अन्नपूर्णा रोड, बड़ा गणपति, इमली बाजार और मरीमाता क्षेत्र में टीमें सक्रिय रहीं। ज़ोन-2: विजयनगर, रसोमा, भमोरी और पाटनीपुरा जैसे व्यस्त क्षेत्रों में अव्यवस्थित पार्किंग को हटाया गया। ज़ोन-3: 56 दुकान, पलासिया, रीगल और जेल रोड जैसे व्यावसायिक केंद्रों पर दोनों ओर चेकिंग की गई। ज़ोन-4: सराफा, जवाहर मार्ग और क्लॉथ मार्केट जैसे सघन क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर जाम की स्थिति को सुलझाया गया। :: व्हील लॉक और क्रेन का प्रहार, सुगम हुआ सफर :: पेट्रोलिंग टीमों की इस सतत मौजूदगी का असर सड़कों पर दिखाई देने लगा है। प्रमुख बाजारों में अवैध पार्किंग में कमी आई है और यातायात का प्रवाह पहले की तुलना में अधिक सुगम हुआ है। लापरवाही पूर्वक वाहन पार्क करने वालों के विरुद्ध व्हील लॉक और क्रेन की कार्रवाई की गई, जिससे व्यापारियों और आम नागरिकों को जाम से बड़ी राहत मिली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुचारू व्यवस्था के लिए यह विशेष अभियान आने वाले दिनों में और अधिक सघनता से जारी रहेगा। प्रकाश/13 अप्रैल 2026