राज्य
13-Apr-2026
...


:: चारों जोन के प्रमुख चौराहों पर हाईटेक सर्विलांस; नियम तोड़ने वालों पर ड्रोन की सूचना पर तत्काल एक्शन :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की यातायात व्यवस्था को स्मार्ट और हाईटेक बनाने की दिशा में इंदौर पुलिस ने अब ड्रोन तकनीक का सहारा लेना शुरू कर दिया है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर.के. सिंह के मार्गदर्शन में मंगलवार को शहर के चारों ट्रैफिक जोन में ड्रोन के जरिए सघन निगरानी की गई। इस दौरान न केवल नियम तोड़ने वालों के चालान बने, बल्कि ड्रोन में लगे पब्लिक एड्रेस (PA) सिस्टम से एनाउंसमेंट कर जाम लगाने वाले वाहन चालकों को चेतावनी भी दी गई। यातायात उपायुक्त (प्रभारी) राजेश कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में चारों जोन के लिए विशेष ड्रोन सर्विस टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों ने व्यस्त समय (पिक आवर्स) में प्रमुख मार्गों पर ड्रोन उड़ाकर यातायात के दबाव का जायजा लिया। राजवाड़ा और विजयनगर जैसे सघन क्षेत्रों में ड्रोन के जरिए घोषणाएं की गईं, जिससे नो-पार्किंग और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों में हड़कंप मच गया। प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों द्वारा संचालित ये ड्रोन सीधे वायरलेस कंट्रोल रूम से जुड़े रहे, जिससे जाम की सूचना मिलते ही नजदीकी पॉइंट पर तैनात बल ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था सुधारी। :: इन प्रमुख क्षेत्रों पर रही पैनी नजर :: पुलिस की तकनीक का जादू शहर के इन व्यस्ततम इलाकों में दिखाई दिया: जोन-1: नरेंद्र तिवारी मार्ग, रंजीत हनुमान और गोपुर चौराहा क्षेत्र। जोन-2: विजयनगर, रसोमा, भमोरी, सयाजी, रेडिसन और सत्य साईं चौराहा। जोन-3: गांधी चौक, व्हाईट चर्च, आरएनटी मार्ग और दवा बाजार क्षेत्र। जोन-4: राजवाड़ा, यशवंत रोड, जवाहर मार्ग और सराफा के तंग बाजार। :: उल्लंघन करने वालों पर तत्काल प्रहार :: ड्रोन से प्राप्त इनपुट के आधार पर मैदानी अमले ने रॉन्ग साइड ड्राइविंग और अवैध पार्किंग करने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की। तकनीक के इस उपयोग से पुलिस अब उन गलियों और संकरी सड़कों पर भी नजर रख पा रही है, जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं पहुंच पाते। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आने वाले दिनों में ड्रोन सर्विलांस का दायरा और बढ़ाया जाएगा ताकि शहर के हर प्रमुख चौराहे को सुरक्षित और जाम मुक्त बनाया जा सके। प्रकाश/13 अप्रैल 2026