:: वॉशिंग मशीन में छिपाकर रखे 25 लाख के जेवरात ले उड़े थे बदमाश; कनाडिया पुलिस ने बिछाया जाल :: इंदौर (ईएमएस)। ऑनलाइन गेमिंग की लत और अय्याशी के शौक को पूरा करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को कनाडिया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये आरोपी पेंटर बनकर घरों की पुताई का ठेका लेते थे और मौका पाकर कीमती सामान पर हाथ साफ कर देते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए सोने के जेवरात और वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा जब्त की है, जिसकी कुल कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है। चोरी की यह अनूठी वारदात बिचौली मर्दाना स्थित सम्पत हिल्स के एक फ्लैट में हुई थी। फरियादी तन्मय कानूनगो ने फ्लैट में पुताई का काम इन आरोपियों को सौंपा था। सुरक्षा के लिहाज से परिवार ने सोने के आभूषण वॉशिंग मशीन के अंदर छिपाकर रखे थे और चाबी पुताई करने वालों को दे दी थी। 2 अप्रैल को जब परिवार फ्लैट पर पहुंचा, तो कमरे का ताला टूटा मिला और मशीन में रखे जेवरात गायब थे। कनाडिया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशों पर डीसीपी कुमार प्रतीक और एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने रामकुमार लोधी (निवासी मुसाखेड़ी) और रिजवान उर्फ रिज्जू (निवासी आजाद नगर) को घेराबंदी कर दबोच लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी करना कबूल किया, जिसके बाद उनके कब्जे से पूरा माल बरामद कर लिया गया। एसीपी कुंदन सिंह मंडलोई के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कनाडिया सहर्ष यादव, प्रधान आरक्षक पुनीत चौबे, आरक्षक जंगजीत जाट, मनोज पटेल, अमित भदौरिया, रामभजन गुर्जर, नीरज जाट, शुभम कटारे और साइबर सेल के प्रवीण सिंह की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इन आरोपियों ने शहर में और किन-किन स्थानों पर पुताई के बहाने चोरी की है। प्रकाश/13 अप्रैल 2026