राष्ट्रीय
14-Apr-2026
...


दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर उद्घाटन से पहले उमड़ा जनसैलाब, पारंपरिक नृत्य और नारों से गूंजा शहर सहारनपुर,(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में भव्य रोड शो किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर के उद्घाटन से पहले आयोजित इस रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने जहां मोदी-मोदी के नारे लगाएं वहीं हाथों में तिरंगा थामकर प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी की एक झलक पाने के लिए सुबह से ही लोग सड़क किनारे जमा हो गए थे। जैसे ही उनका काफिला आगे बढ़ा, “मोदी-मोदी”, “भारत माता की जय” और “जय श्री राम” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। लोगों ने फूलों की वर्षा कर प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया, जिससे पूरे माहौल में उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। इस मौके पर कई लोग पारंपरिक वेशभूषा में भी नजर आए। स्थानीय कलाकारों ने लोक नृत्य प्रस्तुत कर स्वागत को और भी आकर्षक बना दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और उनके उत्साह का जवाब दिया। रोड शो के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर के तहत बनाए गए ऊंचे खंड पर स्थित वाइल्डलाइफ कॉरिडोर का निरीक्षण किया। यह कॉरिडोर पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है, जो इस परियोजना की एक महत्वपूर्ण विशेषता मानी जा रही है। निरीक्षण के पश्चात प्रधानमंत्री देहरादून के लिए रवाना हो गए। हिदायत/ईएमएस 14अप्रैल26