अयोध्या,(ईएमएस)। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि परिसर के सभी 18 मंदिरों के द्वार श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। अब भक्त रामलला के साथ-साथ परिसर में स्थित अन्य मंदिरों के भी दर्शन का सौभाग्य पा सकते हैं। दर्शन का समय सुबह 7:00 बजे से रात 9:00 बजे तक रहेगा। इसके साथ दोपहर 12-1 बजे के बीच बंद रहेगा। इस फैसले के बाद भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। मंदिर परिसर में रामलला और राम परिवार सहित कुल 18 मंदिरों का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब पूरे परिसर को श्रद्धालुओं के लिए खोला गया है। पहले जहां सीमित स्थानों पर ही दर्शन की सुविधा थी, अब भक्त पूरे परिसर में स्थापित सभी मंदिरों के दर्शन कर सकते है। यह व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए बड़ा आध्यात्मिक अनुभव साबित हो रही है। राम मंदिर प्रशासन ने दर्शन व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए पास प्रणाली लागू की है। इसके तहत सीमित संख्या में ही श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जा रहा है। हर दो घंटे के स्लॉट में करीब 1500 श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति मिल रही है। इससे भीड़ नियंत्रण में मदद मिल रही है और श्रद्धालुओं को बिना धक्का-मुक्की के आराम से दर्शन का मौका मिल रहा है। श्रद्धालु सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक कुल 13 घंटे दर्शन कर सकते हैं। हालांकि दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक सभी मंदिरों के पट बंद रहने वाले है। मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस और प्रशासनिक टीमें लगातार निगरानी में लगी हुई हैं। सीसीटीवी कैमरे और बैरिकेडिंग के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण मिल सके। आशीष दुबे / 14 अप्रैल 2026