क्षेत्रीय
14-Apr-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने शहरी विकास परियोजनाओं में हो रही देरी पर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि लंबित कार्यों का शीघ्र निराकरण कर समयसीमा में परियोजनाएं पूरी की जाएं। रतनपुर हाउसिंग प्रोजेक्ट बनेगा ‘लाइव लैब’, नई तकनीकों का होगा परीक्षण, रक्षा मंत्री से मुलाकातज् बिलासपुर एयरपोर्ट विस्तार को लेकर सहयोग पर आभार, समन्वय से तेज होगी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की रफ्तार, दिल्ली में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में भूमि एवं विकास कार्यालय, एनबीसीसी लिमिटेड तथा नगर निगम दिल्ली के अधिकारियों के साथ परियोजनाओं की प्रगति, आमजन के जीवन स्तर में सुधार और लंबित संसदीय आश्वासनों की समीक्षा की गई। मंत्री साहू ने साफ कहा कि परियोजनाओं में देरी से न केवल उनकी उपयोगिता प्रभावित होती है, बल्कि आम लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और समाधान-उन्मुख दृष्टिकोण अपनाने पर जोर देते हुए लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। एक अन्य अहम बैठक में मंत्री साहू ने भवन निर्माण सामग्री और प्रौद्योगिकी संवर्धन परिषद (बीएमटीपीसी) और मंत्रालय के अधिकारियों के साथ रतनपुर में चल रहे डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट (डीएचपी) की समीक्षा की। उन्होंने परियोजना में गुणवत्ता, समयसीमा और आधुनिक निर्माण तकनीकों के दस्तावेजीकरण पर विशेष जोर दिया। मंत्री ने कहा कि रतनपुर का यह प्रोजेक्ट भविष्य में लाइव लैबोरेटरी के रूप में काम करेगा, जहां नई निर्माण तकनीकों का परीक्षण और प्रसार किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस प्रोजेक्ट से मिलने वाले अनुभव टियर-2 और टियर-3 शहरों में किफायती आवास योजनाओं को नई दिशा देंगे और सभी के लिए आवास के लक्ष्य को गति मिलेगी। मंत्री तोखन साहू ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान बिलासपुर हवाई अड्डे के विस्तार में रक्षा मंत्रालय द्वारा दिए गए सहयोग के लिए उन्होंने आभार जताया। मंत्री साहू ने विशेष रूप से सेना की भूमि के हस्तांतरण और उपयोग में मिले सहयोग को परियोजना की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बिलासपुर एयरपोर्ट का विस्तार क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा, आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा और आम लोगों की आवाजाही को आसान बनाएगा। बैठक के दौरान दोनों मंत्रियों के बीच राष्ट्रीय महत्व की अधोसंरचना परियोजनाओं को तेजी देने के लिए मंत्रालयों के बीच बेहतर समन्वय पर भी चर्चा हुई। मंत्री साहू ने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में शहरी विकास, आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम किया जा रहा है, जिससे देश के समग्र विकास को नई गति मिल रही है। मनोज राज 14 अप्रैल 2026