बिलासपुर (ईएमएस)। प्रतिष्ठित होली क्रॉस स्कूल में आज सर्व धर्म एकता समारोह का भव्य और गरिमामय आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न धर्मों के बीच आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश फैलाना था। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथियों में एडिशनल सुपरीटेंडेंट ऑफ पुलिस मधुलिका सिंह, एडिशनल एसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, फादर जैकब, फादर जॉन जैकब, बीजेपी के बीपी सिंह और ब्रह्मा कुमारीज की बीके लता दीदी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की। विद्यालय की प्राचार्या डॉ सिस्टर क्लेरिटा डिमेलो ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। आयोजन के प्रबंधन और संयोजक के रूप में सिस्टर लूसी (मैनेजर), सिस्टर अजेया, सिस्टर नीलिमा एवं सिस्टर महिमा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सर्वधर्म प्रार्थना से हुआ। धर्मगुरुओं ने प्रेम, शांति और मानवता को सभी धर्मों का मूल संदेश बताया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से एकता में शक्ति का संदेश दिया। मुख्य अतिथि ने ऐसे आयोजनों को सद्भाव मजबूत करने वाला बताया, वहीं अन्य अतिथियों ने इसे अनुकरणीय पहल कहा। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। - मनोज राज/14 अप्रैल 2026