- बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर समाज सुधारक ही नहीं उनका हक अधिकार दिलाने में अग्रणी भूमिका निभाई: डॉ प्रभुराम चौधरी जयंती समारोह पूर्वक मनाई रायसेन(ईएमएस) । रायसेन शहर के चिड़िया टोल वन परिसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर 135वीं जयंती समारोह बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। शहर के चिड़िया टोल वन परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, नपाध्यक्ष सविता जमना सेनपूर्व राजस्व मंत्री रघुवीर सिंह सूर्यवंशी, जनपद अध्यक्ष अर्चना सुनील पोर्ते प्रदीप दीक्षित, मनोज कुशवाह, जगदीश अहिरवार, भगवान दास, राकेश गोहिल,संजू मालवीय सीईओ कमल सोलंकी, जनपद सदस्य प्रेम सिंह ठाकुर गोपाल दास, एसडीएम मनीष शर्मा डीईओ डीडी रजक,तहसीलदार भरत सिंह मंडले गर्ल्स हॉस्टल के प्राचार्य सुधीर जैन सहित कई गणमान्य अतिथि मंचासीन रहे। अनुसूचित जनजाति विभाग के जिला संयोजक सीपी सोनी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि बाबा साहेब की जयंती तभी सार्थक होगी जब समाज उनके बताए मार्ग पर चलकर सामाजिक समरसता और वंचित वर्गों के उत्थान में योगदान देगा। इस दौरान विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई तथा 155 हितग्राहियों को लगभग एक करोड़ चार लाख रुपए की सहायता राशि वितरित की गई। नपाध्यक्ष सविता जमना सेन ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने विषम परिस्थितियों में जन्म लेकर शिक्षा के माध्यम से समाज सुधार का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने महिलाओं, दलितों और पिछड़े वर्गों को समान अधिकार दिलाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए और भारतीय संविधान का निर्माण कर देश को नई दिशा दी। विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि बाबा साहेब केवल समाज सुधारक ही नहीं, बल्कि एक महान शिक्षाविद और प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने समाज में व्याप्त छुआछूत और भेदभाव के खिलाफ संघर्ष करते हुए गरीब दलित आदिवासियों को भारतीय समाज में समानता का अधिकार सुनिश्चित कराया। उनकी शिक्षा और संघर्ष की प्रेरणा आज भी समाज को आगे बढ़ने की दिशा देती है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियों ने बांधा समां... कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें समूह नृत्य और देशभक्ति गीतों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। साथ ही चित्रकला, भाषण, निबंध, रंगोली और प्रश्नमंच प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट स्थान हासिल करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के समापन पर जिला संयोजक सीपी सोनी ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। किशोर वर्मा ईएमएस रायसेन 14/04/2026