क्षेत्रीय
14-Apr-2026
...


जशपुर(ईएमएस)। जिले के बगीचा और सन्ना क्षेत्र में रुपये दोगुना करने का झांसा देकर ग्रामीणों से ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। ‘hedgexfund’ नामक नेटवर्क कंपनी के नाम पर लोगों को फंसाकर लाखों रुपये ठगे गए। मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से 5 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी से पूछताछ जारी है। पीड़िता उर्मिला बाई (26), निवासी कापू टोली, थाना सन्ना ने 10 अप्रैल 2026 को थाना बगीचा में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वर्ष 2023 में उसकी पहचान रूपसेरा भलमंडा निवासी कालेश्वर राम और मीनी बाई से हुई थी। बाद में ये दोनों अन्य आरोपियों के साथ उसकी मां चंद्रमणि बाई के घर पहुंचे और खुद को ‘hedgexfund’ कंपनी का सदस्य बताकर निवेश पर 3 महीने में रकम दोगुनी करने का लालच दिया। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि अगर रकम दोगुनी नहीं हुई तो ब्याज सहित वापस कर दी जाएगी। इस झांसे में आकर पीड़िता और उसकी मां सहित कई ग्रामीणों ने निवेश कर दिया। पीड़िता ने अलग-अलग तिथियों में कुल 1.70 लाख रुपये नगद और ऑनलाइन माध्यम से दिए, जबकि उसकी मां ने भी 40 हजार रुपये निवेश किए। आरोपियों ने सभी के नाम से आईडी-पासवर्ड बनाकर एक वॉलेट दिखाया, जिसमें रकम डॉलर में नजर आती थी। कुछ समय बाद यह वॉलेट बंद हो गया और ठगी का खुलासा हुआ। आरोपियों ने महादेवडांड, कापू टोली सहित आसपास के गांवों में जाकर लोगों को निवेश के लिए प्रेरित किया। इस तरह कई ग्रामीणों को अपने जाल में फंसाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बगीचा थाना में IPC की धारा 420 और 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में मीनी बाई, कालेश्वर राम, अनिल लकड़ा, शिवनाथ राम और नीरा सिंह को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं मुख्य आरोपी शिवशंकर राम को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शिवशंकर राम के कब्जे से एक टोयोटा टाइगर कार (JH-01FU-9460) भी जब्त की है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि इस मामले में 6 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है और जांच जारी है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की संख्या और ठगी की रकम बढ़ने की संभावना है। इस मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 अप्रैल 2026