क्षेत्रीय
14-Apr-2026
...


सक्ती(ईएमएस)। जिले में वेदांता पावर प्लांट में बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट के बॉयलर के फटने से तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। घटना डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुई। हादसे के बाद पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल मजदूरों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है। प्लांट परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा बॉयलर में तकनीकी खराबी के कारण हुआ लगता है। हालांकि, दुर्घटना के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। यह हादसा औद्योगिक सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़ा कर रहा है। मजदूरों की सुरक्षा को लेकर प्लांट प्रबंधन की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। घायलों का इलाज जारी है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता और अन्य मदद का भरोसा दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 अप्रैल 2026