-ये हिंसक प्रदर्शन पुलिस और खुफिया तंत्र की बड़ी नाकामी नोएडा,(ईएमएस)। नोएडा सिटीजन फोरम की कार्यकारी उपाध्यक्ष शालिनी सिंह ने श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शन पर वीडियो जारी कर पुलिस और योगी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने नोएडा प्रशासन से पूछा कि एक हाईटेक शहर में इतना बड़ा प्रदर्शन अचानक हिंसक कैसे हुआ और इंटेलिजेंस को इसकी कानों-कान खबर क्यों नहीं हुई। बता दें कि कुश्ती संघ के अध्यक्ष रहे बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी के एक भाई भाजपा सांसद और दूसरे विधायक हैं, इसके बावजूद उन्होंने योगी सरकार और पुलिस की विफलता पर सवाल उठा दिए है। यह वीडियो तब सामने आया है जब शालिनी हाल ही में राजनीति में आने के संकेतों को लेकर चर्चा में रही हैं। शालिनी ने वीडियो में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तीखी प्रतिक्रिया जाहिर की है। उनका कहना है कि नोएडा जैसे विकसित और तकनीकी शहर में हजारों लोग इकट्ठा होकर हिंसा कर रहे हैं, तब यह पुलिस और खुफिया तंत्र की बड़ी नाकामी दिखाता है। उन्होंने इस पर हैरानी जाहिर की कि प्रशासन को हिंसक मोड़ की भनक तक नहीं लगी। गौरतलब है कि पिता बृजभूषण की तरह ही शालिनी का बेबाक अंदाज अब सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है। शालिनी तब चर्चा में आई थीं जब उन्होंने एक कार्यक्रम में अपने परिवार की सियासी विरासत का बचाव किया था। परिवारवाद के आरोपों पर उन्होंने तर्क दिया कि जब परिवार के सभी सदस्य अपने पैरों पर खड़े होकर राजनीति कर रहे हैं, तब इस परिवारवाद नहीं कहा जाना चाहिए। आशीष दुबे / 14 अप्रैल 2026