मुंगेली(ईएमएस)। मुंगेली-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिला पंचायत धरमपुरा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, जरहागांव से भटगांव की ओर जा रहे तीन युवक बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि भटगांव निवासी राधेश्याम निर्मलकर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जरहागांव निवासी आर्यन निर्मलकर और बिलासपुर निवासी शुभम निर्मलकर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जरहागांव थाना प्रभारी शोभा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उनका आरोप है कि निर्माणाधीन टोल नाके के पास सड़क की हालत बेहद खराब है और बीच सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जो लगातार हादसों को न्योता दे रहे हैं। परिजनों के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार गड्ढों से बचने की कोशिश कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। उन्होंने सड़क निर्माण में लगे ठेकेदार की लापरवाही को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर भी सख्ती की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर टोल प्लाजा निर्माण तेजी से किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सड़क की स्थिति बदहाल बनी हुई है। अधूरी सड़क और गड्ढों के कारण यह मार्ग अब लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना में जुटी हुई है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर सड़क निर्माण की गुणवत्ता और जिम्मेदार एजेंसियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 अप्रैल 2026