क्षेत्रीय
14-Apr-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में जमीन की दोबारा बिक्री कर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। भू-स्वामी और उसके साथी ने मिलकर पहले से बेची जा चुकी जमीन का सौदा एक महिला से कर 25 लाख रुपए से अधिक की ठगी कर ली। शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ग्राम नावापारा निवासी अंजनी नायक जमीन खरीदने के लिए संपर्क में थी। इसी दौरान लक्ष्मण पटेल ने उसे छोटे देवगांव की जमीन दिखाकर कथित भू-स्वामी नूतन पटेल से मिलवाया। नूतन ने खुद को जमीन का मालिक बताते हुए दिसंबर 2024 में सौदा किया और एडवांस के रूप में 22.50 लाख रुपए ले लिए। इसके बाद रजिस्ट्री टालते हुए 23 अक्टूबर 2025 को नया इकरारनामा तैयार कराया गया और केसीसी लोन का बहाना बनाकर 2.34 लाख रुपए और ले लिए। इस तरह आरोपियों ने कुल 25.14 लाख रुपए वसूल लिए, लेकिन जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई। जब लंबे समय तक रजिस्ट्री नहीं हुई तो अंजनी नायक ने जानकारी जुटाई। छोटे देवगांव के पटवारी से पता चला कि संबंधित जमीन पहले ही 5 अक्टूबर 2020 को किसी और को बेची जा चुकी है और उसकी विधिवत रजिस्ट्री भी हो चुकी है। इसके बावजूद आरोपियों ने मिलीभगत कर उसी जमीन का दोबारा सौदा कर दिया। खास बात यह है कि पहली रजिस्ट्री में भी लक्ष्मण पटेल गवाह के रूप में शामिल था। मामले की शिकायत एसपी कार्यालय में की गई, जिसके बाद केस खरसिया थाना पहुंचा। जांच में दस्तावेजों के आधार पर ठगी की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और इस तरह की ठगी में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 अप्रैल 2026