* अहमदाबाद समेत पूरे राज्य में लू का प्रकोप तेज, राजकोट सबसे गर्म; अगले 7 दिनों तक सतर्क रहने की चेतावनी अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में एक बार फिर भीषण गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और मौसम विभाग ने आगामी 7 दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। राज्य में लगातार तीसरे दिन राजकोट सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, गुजरात के 7 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया है। अहमदाबाद में भी गर्मी का कहर जारी है। सोमवार को यहां औसत अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले पांच दिनों तक तापमान 41 डिग्री के आसपास बना रह सकता है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि आगामी शनिवार तक अहमदाबाद में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पिछले 15 वर्षों के आंकड़ों के अनुसार अप्रैल महीने में कई बार पारा 43 डिग्री से ऊपर गया है, जबकि पिछले वर्ष 30 अप्रैल को 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो पिछले 15 वर्षों में अप्रैल का सर्वाधिक तापमान रहा। भीषण गर्मी के चलते दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है। तेज गर्म हवाओं के कारण लू लगने के मामलों में वृद्धि की आशंका भी जताई जा रही है। अहमदाबाद नगर निगम ने शहर के 17 इलाकों को हीटवेव हॉटस्पॉट घोषित किया है, जहां सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच अनावश्यक बाहर न निकलने और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ का सेवन करने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले कुछ दिनों तक गर्मी का प्रकोप और बढ़ सकता है, इसलिए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। सतीश/14 अप्रैल